प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत लखीसराय सदर अस्पताल में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर
- Post By Admin on Apr 09 2026
लखीसराय : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गुरुवार को सदर अस्पताल लखीसराय में पीएमएसएमए दिवस के अवसर पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को निशुल्क स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, वजन, शुगर सहित अन्य आवश्यक जांच की। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान कर उन्हें उचित उपचार और आवश्यकता अनुसार रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया।
इस अवसर पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ कुमार अमित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु नारायण लाल तथा जिला योजना समन्वयक सुनील कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। उपाधीक्षक डॉ कुमार अमित ने बताया कि प्रत्येक माह की 9 तारीख को आयोजित होने वाला यह अभियान गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाकर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करें।
शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। अस्पताल परिसर में महिलाओं के बैठने, पीने के पानी, दवा वितरण और जांच की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे शिविर में आने वाली महिलाओं ने संतोष व्यक्त किया।