पेपर लीक विवाद के बाद NEET UG दोबारा परीक्षा की तारीख़ घोषित, NTA ने अभ्यर्थियों से अफ़वाहों से बचने की अपील
- Post By Admin on May 15 2026
नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने केंद्र सरकार की मंज़ूरी मिलने के बाद नीट अंडरग्रैजुएट (NEET UG) 2026 की दोबारा परीक्षा की नई तारीख़ घोषित कर दी है। एजेंसी के अनुसार अब यह परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आधिकारिक सूचना जारी करते हुए अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। एजेंसी ने कहा है कि छात्र किसी भी प्रकार की अफ़वाह, भ्रामक खबर या गैर-आधिकारिक जानकारी से सावधान रहें। एनटीए ने छात्रों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की है। अभ्यर्थी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए neet-ug@nta.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 011-40759000 और 011-69227700 नंबरों पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
गौरतलब है कि तीन मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा को पेपर लीक की चर्चाओं और विवादों के बीच रद्द कर दिया गया था। इसके बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।