मुजफ्फरपुर : बीआर आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की टीम ने कुक्कुट पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शोध में पाया गया है कि ब्रॉयलर मुर्गियों के आहार में 10 प्रतिशत तक अलसी शामिल करने से उनके स्वास्थ्य, मांस की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की पसंद पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। इससे ओमेगा-3 वसीय अम्ल से भरपूर चिकन मांस तैयार करने की नई संभावना सामने आई है।
शोध-पत्र ‘ब्रॉयलर मुर्गियों में अलसी पूरकता का रुधिर-विज्ञान, सीरम जैव-रासायनिक मापदंडों और मांस गुणवत्ता पर प्रभाव’ प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'लेटर्स इन एनिमल बायोलॉजी' में प्रकाशित हुआ है। शोध दल में अमन राठौर, प्रो. दिनेश चंद्र राय, अशोक कुमार यादव और नानम रोन्या शामिल हैं। इसमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, बीआरएबीयू, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय और राजीव गांधी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने योगदान दिया।
अलसी को ओमेगा-3 वसीय अम्ल यानी अल्फा-लिनोलेनिक अम्ल का समृद्ध पादप स्रोत माना जाता है। इसके प्रभावों का अध्ययन करने के लिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुक्कुट फार्म में 200 कॉब-400 चूजों पर 42 दिनों तक परीक्षण किया गया। इस दौरान मुर्गियों को सामान्य आहार के साथ 2.5, 5, 7.5 और 10 प्रतिशत अलसी मिलाकर अलग-अलग आहार दिए गए। एक समूह को बिना अलसी वाला सामान्य आहार दिया गया।
अध्ययन में अलसी युक्त आहार लेने वाले पक्षियों में लाल और श्वेत रक्त कोशिकाओं, लिम्फोसाइट तथा प्लेटलेट्स में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, यकृत और गुर्दे से जुड़े जैव-रासायनिक संकेतक सामान्य पाए गए। मांस में नमी, प्रोटीन और राख की मात्रा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा, जबकि वसा की मात्रा में वृद्धि और मांस की बनावट में सुधार देखा गया। मांस की गुणवत्ता और स्वाद का आकलन करने के लिए 15 प्रशिक्षित निर्णायकों की मदद ली गई। उन्होंने स्वाद, रसीलेपन, कोमलता, रंग और समग्र स्वीकार्यता के मामले में अलग-अलग आहार समूहों के मांस के बीच कोई उल्लेखनीय अंतर नहीं पाया। हालांकि, 5 प्रतिशत अलसी वाले समूह को संख्यात्मक रूप से सबसे अधिक अंक मिले।
शोध की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि इस अध्ययन का उद्देश्य पशु-पोषण को मानव स्वास्थ्य से जोड़ना है। अलसी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधन है और शोध से संकेत मिला है कि इसके इस्तेमाल से पोषण की दृष्टि से बेहतर चिकन मांस तैयार किया जा सकता है, जिसकी उपभोक्ताओं के बीच स्वीकार्यता भी बनी रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कुक्कुट पालक और पशु आहार उद्योग ओमेगा-3 युक्त मांस को मूल्यवर्धित उत्पाद के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
















