दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, चार मजदूरों की मौत; दो घायल

  • Post By Admin on Oct 31 2026
दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, चार मजदूरों की मौत; दो घायल

नई दिल्ली : दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 स्थित तीन मंजिला फैक्ट्री में हुआ। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत के बेसमेंट में लगी थी। दमकल की 20 से अधिक गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में जूते बनाने और रखने का काम होता था। बचाव अभियान के दौरान अंदर फंसे छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, बेसमेंट में लगी आग के कारण फैक्ट्री के अंदर धुआं भर गया था। धुएं की वजह से कर्मचारियों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। बचाव दल ने इमारत के अलग-अलग हिस्सों से लोगों को बाहर निकाला। आग पर नियंत्रण के बाद घटनास्थल पर ठंडा करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।