गुरुधाम विद्यालय का 11वां वार्षिकोत्सव संपन्न, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा की झलक

  • Post By Admin on Mar 22 2026
गुरुधाम विद्यालय का 11वां वार्षिकोत्सव संपन्न, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा की झलक

लखीसराय : सूर्यगढ़ा अंचल क्षेत्र के कोनीपार स्थित गुरुधाम आवासीय विद्यालय में 11वां वार्षिकोत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं वर्ग-दो की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सह सरकारी काउंसिल सुरेश प्रसाद सिंह तथा लखीसराय व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता रजनीश कुमार उपस्थित रहे। वहीं सम्मानित अतिथियों के रूप में अधिवक्ता राजीव कुमार और अरविंद कुमार सुधांशु भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अपने संबोधन में अधिवक्ता रजनीश कुमार ने कहा कि बच्चों को विद्यालय स्तर से ही कानून की जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वे जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि कानून समाज में न्याय और व्यवस्था बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो नागरिकों को सत्ता और शासन तंत्र के दुरुपयोग से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कानून समस्याओं का समाधान बताता है, न कि समस्याएं पैदा करता है, और इससे केवल अनैतिक लोग ही डरते हैं।

इस अवसर पर रजनीश कुमार ने विद्यालय के निदेशक को “न्याय महाकाव्य” नामक पुस्तक भी भेंट की, ताकि विद्यार्थियों को दोहों के माध्यम से कानून की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसके बाद छात्राओं ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। इस मौके पर पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरुकुल परंपरा पर आधारित यह विद्यालय निरंतर प्रगति करे और यहां के विद्यार्थी सर्वांगीण विकास करते हुए देश और समाज की सेवा में अपना योगदान दें।