कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहनिया नगर पंचायत में तैनात कनीय अभियंता राजेश प्रजापति को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियंता नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लंबित बिलों का भुगतान कराने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

मामले की शिकायत संजय कुमार ने निगरानी इकाई में दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की मां मोहनिया नगर पंचायत में संविदा पर काम करती हैं। उनके द्वारा कराए गए कुछ विकास कार्यों के बिलों का भुगतान हो चुका था, जबकि कुछ बिल लंबित थे। आरोप के मुताबिक, इन लंबित बिलों का भुगतान कराने के लिए कनीय अभियंता लगातार 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले आरोपों की जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

इसके बाद निगरानी इंस्पेक्टर कुमार कुणाल सौरभ के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम बनाई गई। टीम ने जाल बिछाकर अभियंता को कथित तौर पर 50 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर मौजूद था, लेकिन जांच में उसकी संलिप्तता नहीं पाई गई। गिरफ्तार अभियंता के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।