बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, STET 2026 आवेदन की तारीख घोषित

  • Post By Admin on Aug 13 2026
बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, STET 2026 आवेदन की तारीख घोषित

पटना : बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि STET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू की जाएगी।

हालांकि बोर्ड की ओर से अभी विस्तृत अधिसूचना जारी नहीं की गई है। ऐसे में आवेदन की अंतिम तिथि, परीक्षा की संभावित तारीख, आवेदन शुल्क तथा अन्य महत्वपूर्ण विवरणों के लिए अभ्यर्थियों को कुछ और इंतजार करना होगा। बोर्ड के अनुसार STET 2026 दो पेपरों में आयोजित की जाएगी। पेपर-1 माध्यमिक स्तर के विषयों के लिए होगा, जबकि पेपर-2 उच्च माध्यमिक स्तर के विषयों के लिए आयोजित किया जाएगा।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पेपर-1 के लिए संबंधित विषय में स्नातक के साथ बीएड या निर्धारित शैक्षणिक योग्यता आवश्यक होगी। वहीं पेपर-2 के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ बीएड अथवा अधिसूचना में निर्धारित अन्य योग्यताओं को पूरा करना अनिवार्य होगा। विषयों के अनुसार पात्रता में बदलाव संभव है, इसलिए अभ्यर्थियों को विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने के बाद विषयवार योग्यता अवश्य जांचने की सलाह दी गई है। आयु सीमा के संबंध में न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु सामान्य पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 37 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी।

फिलहाल बोर्ड ने केवल आवेदन शुरू होने की तिथि की जानकारी दी है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद आवेदन की अंतिम तिथि, शुल्क, विषयवार पात्रता, परीक्षा पैटर्न और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश स्पष्ट कर दिए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवार BSEB की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। लंबे समय से STET 2026 का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।