ओला-उबर की मनमानी पर लगाम, यात्रा से पहले टिप मांगने पर प्रतिबंध

  • Post By Admin on Aug 13 2026
ओला-उबर की मनमानी पर लगाम, यात्रा से पहले टिप मांगने पर प्रतिबंध

नई दिल्ली : ऑनलाइन कैब बुकिंग करने वाले यात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। अब ओला, उबर समेत सभी कैब एग्रीगेटर ऐप्स पर बुकिंग के समय या यात्रा के दौरान यात्रियों से टिप मांगने की प्रथा पर रोक लगा दी गई है। नए नियम लागू होने के बाद कैब बुक करते समय ऐप स्क्रीन पर 10, 15 या 20 रुपए जैसी निश्चित राशि की टिप देने का विकल्प दिखाई नहीं देगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वाहन एग्रीगेटर्स के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय के अनुसार टिप पूरी तरह से यात्री की स्वतंत्र इच्छा पर आधारित होनी चाहिए और इसे किसी भी तरह से राइड की उपलब्धता, बुकिंग की पुष्टि या ड्राइवर द्वारा जल्दी स्वीकार किए जाने से नहीं जोड़ा जा सकता।

नए निर्देशों के तहत ऐप पर टिप का विकल्प केवल यात्रा पूरी होने के बाद ही दिखाया जा सकेगा। यानी बुकिंग प्रक्रिया के दौरान, राइड शुरू होने से पहले या यात्रा के बीच में किसी भी प्रकार का पॉप-अप, प्रॉम्प्ट या संदेश यात्रियों को टिप देने के लिए प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा। सरकार ने उन व्यवस्थाओं पर भी सख्ती दिखाई है जिनमें यह संकेत दिया जाता था कि टिप देने पर राइड जल्दी कन्फर्म हो सकती है या ड्राइवर बुकिंग को प्राथमिकता देकर शीघ्र स्वीकार कर लेगा। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी भी व्यवस्था की अनुमति नहीं होगी।

गौरतलब है कि अभी तक कई कैब एग्रीगेटर ऐप्स में बुकिंग के दौरान यात्रियों को पहले से तय राशि के रूप में टिप देने का विकल्प दिया जाता था। सरकार का मानना है कि इससे यात्रियों पर अनावश्यक दबाव बनता था और टिप की स्वैच्छिक प्रकृति प्रभावित होती थी।नए नियमों के बाद यात्रियों को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बुकिंग अनुभव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जबकि ड्राइवरों को मिलने वाली टिप अब पूरी तरह यात्रा पूरी होने के बाद यात्री की संतुष्टि और इच्छा पर निर्भर करेगी।