JPSC परीक्षा विवाद में बड़ा एक्शन : पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 10 2026
JPSC परीक्षा विवाद में बड़ा एक्शन : पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते गिरफ्तार

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और JSSC परीक्षा विवाद में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को जांच एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है। परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही CID की कार्रवाई को मामले में अहम मोड़ माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व सदस्य डॉ. अजीता भट्टाचार्य से पूछताछ के बीच यह कार्रवाई की गई। CID लंबे समय से एल. खियांग्ते की भूमिका की जांच कर रही थी। इससे पहले उनके आवास और अन्य संबंधित ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी, जहां से जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने का दावा किया गया था।

जांच का दायरा बढ़ा, कई और नाम रडार पर

एल. खियांग्ते की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा और व्यापक होने की संभावना है। CID परीक्षा प्रक्रिया, कथित वित्तीय लेन-देन और भर्ती से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान करीब 2 करोड़ रुपए के कथित लेन-देन से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

छात्र आंदोलन के बीच बढ़ी सियासी हलचल

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर राज्यभर में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद छात्र संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग और तेज कर दी है।

पहले ही दे चुके थे इस्तीफा

गौरतलब है कि एल. खियांग्ते इससे पहले JPSC अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके थे। हाल ही में आयोग के तीन अन्य सदस्यों के इस्तीफे भी स्वीकार किए गए हैं। ऐसे में आयोग से जुड़े शीर्ष अधिकारियों पर हो रही कार्रवाई ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड की राजनीति, प्रशासनिक हलकों और छात्र संगठनों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर CID की अगली कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले नए खुलासों पर टिकी है।