रांची : झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र का तीसरा दिन बिना विपक्ष के ही चला। सत्र शुरू होते ही JPSC-JSSC परीक्षा विवाद और छात्रों के विधानसभा घेराव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। भाजपा विधायक विधानसभा पहुंचने के बजाय पहले प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी के आवास पर एकत्र हुए और बाद में उनके नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए निकल पड़े।

इधर सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन विपक्षी विधायकों की अनुपस्थिति में प्रश्नकाल और अनुपूरक बजट पर चर्चा केवल सत्ता पक्ष के विधायकों तक सीमित रही। सदन में विपक्ष की ओर से कोई कटौती प्रस्ताव भी प्रस्तुत नहीं किया गया।जानकारी के अनुसार विपक्ष का यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित नहीं था। भाजपा विधायक अचानक मुख्यमंत्री आवास घेराव में शामिल होने चले गए, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें खेलगांव क्षेत्र में देर शाम तक हिरासत में रखा। इसी कारण वे सदन की कार्यवाही में भाग नहीं ले सके।

राज्य गठन के बाद यह पहली बार माना जा रहा है कि विपक्षी विधायक हिरासत में लिए जाने के कारण विधानसभा की कार्यवाही से अनुपस्थित रहे। इससे पहले सदन से विपक्ष के बाहर रहने की स्थिति आमतौर पर वॉकआउट के कारण बनती थी। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने विपक्ष की अनुपस्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह अच्छी संसदीय परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि सवाल उठाना और फिर सदन में उपस्थित नहीं होना संसदीय व्यवस्था के लिए उचित नहीं माना जा सकता।

सदन के भीतर छात्रों के विधानसभा घेराव का मुद्दा भी उठा। विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि सरकार छात्रों की लगभग सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि CGL परीक्षा मामले में सरकार अदालत के माध्यम से हस्तक्षेप कर जांच सुनिश्चित कराए। अरूप चटर्जी ने यह भी कहा कि छात्रों का आंदोलन मूल रूप से शांतिपूर्ण है, लेकिन उसमें कुछ उपद्रवी तत्व घुस गए हैं, जो माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस घटनाक्रम ने मॉनसून सत्र के तीसरे दिन झारखंड की राजनीति को नई बहस के केंद्र में ला दिया है, जहां एक ओर छात्रों का आंदोलन जारी है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की अनुपस्थिति ने सदन की कार्यवाही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।