विधानसभा कूच के बाद छात्रों का बड़ा ऐलान, ‘राहुल गांधी आएंगे तभी रुकेगा आंदोलन’
- Post By Admin on Aug 11 2026
रांची : झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन विधानसभा घेराव के बाद और तेज हो गया। सोमवार देर शाम बड़ी संख्या में विद्यार्थी जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताया।
आंदोलनकारी विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि विधानसभा घेराव के दौरान छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया और कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को घसीटकर पीटा। छात्रों का कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। विद्यार्थियों ने घोषणा की कि जब तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी झारखंड नहीं आएंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्हें राज्य में बुलाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विशेष अभियान चलाने की भी घोषणा की गई।
विधानसभा घेराव के दौरान कई छात्र सुबह से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा लेकर पुराने विधानसभा भवन की ओर मार्च करते हुए निकले थे। बड़ी संख्या में छात्र ऑटो और ई-रिक्शा से भी विधानसभा की ओर रवाना हुए थे। इस दौरान JLKM विधायक जयराम महतो भी छात्रों के धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए, लेकिन आंदोलनकारी छात्रों ने उन्हें मंच से भाषण देने से रोक दिया। देर शाम अनशन स्थल पर पहुंचे कई छात्र भूखे-प्यासे थे। उनकी स्थिति को देखते हुए चैती दुर्गापूजा मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने भोजन की व्यवस्था की और छात्रों के बीच खिचड़ी का वितरण किया। इससे आंदोलन स्थल पर मौजूद विद्यार्थियों को राहत मिली।
छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए है। विधानसभा घेराव के बाद आंदोलन का यह नया चरण झारखंड की राजनीति और छात्र आंदोलनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।