लखीसराय पुलिस की बड़ी सफलता, करोड़ों की विदेशी शराब के साथ गिरोह का पर्दाफाश
- Post By Admin on Apr 15 2026
लखीसराय : रामगढ़ चौक थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम खड़गवारा में की गई छापेमारी में पुलिस ने 1379.34 लीटर शराब जब्त करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि अशोक यादव के मकान में अवैध शराब की खेप उतारी जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और छापेमारी की। मौके पर लोहे का दरवाजा बंद कर पिकअप वाहन से शराब उतारी जा रही थी। तलाशी के दौरान ‘रॉयल स्टेज प्रीमियम व्हिस्की’ की 154 पेटियां बरामद की गईं, जिनमें 375 एमएल की 3288 बोतलें और 180 एमएल की 813 बोतलें शामिल हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिंद्रा पिकअप वैन और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजा पासवान, छोटू कुमार, संतोष कुमार, अभिषेक कुमार (लखीसराय) तथा रूपेश कुमार साव और दीपक कुमार (बोकारो, झारखंड) शामिल हैं।इसके अलावा तस्करों के पास से 8 मोबाइल फोन, 25 बोरा कच्चा कुरकुरे और 5200 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।
छापेमारी दल का नेतृत्व थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार ने किया, जिसमें अरविंद कुमार, क्यूआरटी टीम और अन्य पुलिस बल शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।