आंखों में मिर्च झोंककर ससुर की हत्या का आरोप, शिक्षिका बहू समेत चार गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 03 2026
आंखों में मिर्च झोंककर ससुर की हत्या का आरोप, शिक्षिका बहू समेत चार गिरफ्तार

महराजगंज : उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सोनबरसा गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। संपत्ति विवाद में एक शिक्षिका बहू पर अपने ही ससुर की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस का दावा है कि वारदात की साजिश पहले से रची गई थी। घटना के महज चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी बहू सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की पहचान सच्चाराम गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनकी बड़ी बहू शोभा गुप्ता, जो पेशे से शिक्षिका हैं, लंबे समय से ससुर पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रही थीं। वहीं, सच्चाराम गुप्ता अपनी संपत्ति दोनों बेटों में बराबर बांटना चाहते थे। इसी को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था और मामला दीवानी अदालत में भी विचाराधीन था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शोभा गुप्ता ने बंटवारे पर बातचीत के बहाने सच्चाराम गुप्ता को अपने घर बुलाया। पुलिस का आरोप है कि वहां पहले से रमेश गुप्ता और कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे। जांच में सामने आया कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर शोभा गुप्ता ने कथित रूप से ससुर की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखों में तेज जलन के कारण सच्चाराम गुप्ता जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद वहां मौजूद अन्य आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और उन पर हमला किया।

पुलिस के मुताबिक, बहू ने फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी सबूत मिटाने में जुट गए। कथित झोलाछाप डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया और शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। बाद में एक अन्य व्यक्ति को बुलाकर शव का चेहरा कपड़े से बांधा गया और उसे घसीटकर घर के बाहर एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया, ताकि हत्या को छिपाया जा सके।

हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी शोभा गुप्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। बरामद साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

•तस्वीर सांकेतिक है...