शराब माफियाओं पर प्रहार : 98 लीटर से अधिक शराब जब्त, छह गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 10 2026
शराब माफियाओं पर प्रहार : 98 लीटर से अधिक शराब जब्त, छह गिरफ्तार

लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय द्वारा 9 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। विभाग की ओर से जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार कुल सात मामलों में लगभग 98.20 लीटर शराब बरामद की गई तथा छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मामले में आरोपी अज्ञात बताया गया है।

प्रतिवेदन के अनुसार सबसे बड़ी बरामदगी किऊल स्टेशन क्षेत्र से हुई, जहां 50.50 लीटर बीयर बरामद की गई। इसके अलावा बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के छोटी बलिया निवासी विकास सिंह के पास से 13.50 लीटर बीयर, मोहम्मद एहसान के पास से 11.70 लीटर विदेशी शराब तथा राजा कुमार के पास से 1.50 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। महात्मा गांधी रोड, नया बाजार (कबैया थाना क्षेत्र) में की गई कार्रवाई में अजीत कुमार उर्फ चंदन के पास से 4.00 लीटर रंगीन देसी शराब जब्त की गई। वहीं लखीसराय थाना क्षेत्र के जोकमेला में देवन केवट के पास से 13.00 लीटर चुलाई शराब तथा पचेना गांव में राजदीप यादव के पास से 2.00 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई।

मद्य निषेध विभाग के अनुसार सभी मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब को जब्त कर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन और मद्य निषेध विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। लगातार हो रही छापेमारी और गिरफ्तारी को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।