दूसरी सोमवारी पर अशोक धाम में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, ‘बोल बम’ से गूंजा परिसर

  • Post By Admin on Aug 10 2026
दूसरी सोमवारी पर अशोक धाम में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, ‘बोल बम’ से गूंजा परिसर

लखीसराय : सावन माह की दूसरी सोमवारी के अवसर पर लखीसराय जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की मध्य रात्रि से ही मंदिर परिसर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा आसपास के कई जिलों और दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए अशोक धाम पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और सुविधा संबंधी इंतजाम किए गए थे। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए गए। विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और सुव्यवस्थित बनी रही।

इस दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ अशोक धाम मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सावन माह की शेष सोमवारी में भी इसी प्रकार की प्रभावी और सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंदिर परिसर के निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने अशोक धाम रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे द्वारा जारी रूट चार्ट का अवलोकन किया गया और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष पूर्व की तुलना में व्यवस्था काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि पहले की तरह कीचड़ और अव्यवस्था की समस्या नहीं है तथा मंदिर तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो रही है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना करते हुए कहा कि साफ-सफाई, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु और संतोषजनक है।