बिहार-झारखंड में सक्रिय ATM ठगी गैंग पर शिकंजा, पुलिस ने सरगना को दबोचा
- Post By Admin on Aug 10 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस ने ATM स्वैपिंग कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य अभियुक्त चंदन सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार के कई जिलों के अलावा सीमावर्ती राज्यों में भी सक्रिय था और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामला 19 जुलाई 2026 का है, जब अमहरा थाना क्षेत्र के मोरमा निवासी रोहित कुमार हसनपुर स्थित ATM से पैसे निकालने पहुंचे थे। निकासी के दौरान उनका ATM कार्ड मशीन में फंस गया। मशीन पर चिपकाए गए फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने के बाद ठगों ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया और इसी दौरान उनका कार्ड बदलकर खाते से कुल 3 लाख 36 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।
पीड़ित की शिकायत पर कबैया थाना में कांड संख्या 277/26 के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में DIU, SOG-1, कबैया थाना तथा तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज, तकनीकी अनुसंधान तथा मानवीय सूचना के आधार पर गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के रजौंधा टोला मखदुमपुर निवासी चंदन सिंह की पहचान की। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। 30 जुलाई को गया में छापेमारी के दौरान घटना से संबंधित कुछ सामान और नकदी बरामद हुई, हालांकि आरोपी उस समय फरार हो गया था।
लगातार निगरानी और आसूचना संकलन के बाद पुलिस ने 9 अगस्त 2026 को बांका जिले से चंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे गिरोह के अन्य सदस्यों, लेन-देन के नेटवर्क तथा जिले के अन्य मामलों में संलिप्तता को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इस मामले में 49,500 रुपये नकद, घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट और चप्पल, फोन पे कंपनी की एक स्वैप मशीन, एक मोबाइल फोन, दो लोहे के प्लास, एक पेचकस तथा एक चाकू बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ कबैया थाना के कई मामलों के अलावा पटना, वैशाली, सुपौल, गया और झारखंड के रामगढ़ थाना में भी धोखाधड़ी, ATM स्वैपिंग और साइबर ठगी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य राज्यों से भी उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रणधीर कुमार, अवर निरीक्षक राजू प्रसाद, कबैया थाना के सशस्त्र बल तथा DIU और SOG-1 की टीम शामिल रही। लखीसराय पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ATM से पैसे निकालते समय किसी अनजान व्यक्ति को मशीन के पास न आने दें और किसी भी प्रकार की सहायता स्वीकार न करें। यदि कार्ड मशीन में फंस जाए तो ATM कक्ष से बाहर न निकलें, बल्कि सुरक्षा गार्ड या बैंक के आधिकारिक नंबर पर संपर्क करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना देने को कहा गया है।