जिला अस्पतालों को मिलेगा नया स्वरूप, निशांत कुमार ने दिल्ली में पेश किया हेल्थ विजन
- Post By Admin on Aug 10 2026
पटना : बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान बिहार में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं, ट्रॉमा सेंटर के विस्तार, सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों को मजबूत करने तथा जिला स्तर पर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार जिला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। राज्य के सभी 36 जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी स्तर की सुविधाओं से जोड़ने की योजना पर कार्य चल रहा है, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बार-बार बड़े शहरों या मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में रेफर न करना पड़े।
निशांत कुमार ने बताया कि ट्रॉमा सेंटरों के विस्तार और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के विकास को लेकर केंद्र सरकार से सहयोग एवं समन्वय पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आपातकालीन और गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधाएं जिला स्तर तक उपलब्ध हों। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद से निशांत कुमार जिला अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया था।
राजनीतिक पहलू पर उन्होंने कहा कि यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट भी थी, लेकिन बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार की इस पहल को बिहार के स्वास्थ्य ढांचे को जिला स्तर तक आधुनिक बनाने और आम लोगों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।