सरकारी योजनाओं से उद्यमिता को बढ़ावा, दर्जनों लाभार्थियों को मिला ऋण

  • Post By Admin on Feb 06 2026
सरकारी योजनाओं से उद्यमिता को बढ़ावा, दर्जनों लाभार्थियों को मिला ऋण

लखीसराय : जिले में स्वरोजगार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, लखीसराय के सभागार में गुरुवार को ऋण वितरण सह स्वीकृति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने की।

शिविर के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना के अंतर्गत 10 मामलों में कुल 29.01 लाख रुपए की ऋण स्वीकृति दी गई, जबकि 9 लाभार्थियों को 31.07 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया। वहीं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 3 मामलों में 3 लाख रुपए की स्वीकृति और 2 लाभार्थियों को 2 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत 8 मामलों में 88.15 लाख रुपए की ऋण स्वीकृति दी गई, जिसमें से 3 लाभार्थियों को 26.50 लाख रुपए का ऋण वितरण किया गया।

उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं युवाओं, कारीगरों और सूक्ष्म उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराएं, ताकि वे अपने व्यवसाय को शुरू कर सकें या विस्तार दे सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को मजबूती देना रहा। शिविर का समापन सफलतापूर्वक किया गया।

इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री रूपेश कुमार झा, सहायक निदेशक श्री आशीष कुमार, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीत कुमार सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।