जियो आईपीओ को निवेशकों का जोरदार समर्थन, दूसरे दिन 5.57 गुना हुआ सब्सक्राइब
- Post By Admin on Oct 22 2026
मुंबई : जियो प्लेटफॉर्म्स के बहुप्रतीक्षितआरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निवेशकों का शानदार समर्थन मिल रहा है। दूसरे दिन गुरुवार शाम सात बजे तक ₹30,213 करोड़ का यह आईपीओ कुल 5.57 गुना सब्सक्राइब हो गया। दो दिनों के भीतर आवेदन की संख्या 75 लाख से अधिक पहुंच गई। बड़े संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में मांग सबसे अधिक रही, जहां उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 13.29 गुना बोलियां दर्ज की गईं।
आईपीओ के पहले दिन कुल अभिदान 3.16 गुना था। दूसरे दिन इसमें और तेजी आई और यह बढ़कर 5.57 गुना हो गया। खुदरा निवेशकों की श्रेणी भी 1.54 गुना सब्सक्राइब हुई। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 5.97 गुना मांग दर्ज की गई। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि जियो के सार्वजनिक निर्गम में अलग-अलग श्रेणियों के निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है।
गैर-एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 110 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। इनकी कुल राशि लगभग ₹1.23 लाख करोड़ बताई गई है। इससे पहले एंकर निवेशकों की ओर से भी करीब ₹2.50 लाख करोड़ की बोलियां मिलने की जानकारी दी गई थी। इस तरह एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की बोलियों को मिलाकर कुल रकम लगभग ₹3.73 लाख करोड़ तक पहुंच गई। रिलायंस समूह के कर्मचारियों और कंपनी के शेयरधारकों की श्रेणियों में भी अच्छी मांग देखने को मिली। कर्मचारियों के लिए आरक्षित कोटा 2.10 गुना और शेयरधारक कोटा 4.05 गुना सब्सक्राइब हुआ। दूसरे दिन गैर-संस्थागत निवेशकों और शेयरधारकों की श्रेणी में विशेष रूप से तेजी दर्ज की गई। पहले दिन इन दोनों श्रेणियों का अभिदान क्रमशः 1.68 गुना और 1.46 गुना था।
जियो आईपीओ में आवेदन करने के लिए अब केवल एक दिन शेष है। 23 अक्टूबर, शुक्रवार को आवेदन की अंतिम तारीख है। इच्छुक और पात्र निवेशक निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आईपीओ का कई गुना सब्सक्राइब होना भविष्य में शेयर के प्रदर्शन या लिस्टिंग पर लाभ की गारंटी नहीं है। निवेशकों को आवेदन से पहले निर्गम से संबंधित आधिकारिक दस्तावेजों और जोखिमों का अध्ययन करना चाहिए।