जिला विधिज्ञ संघ में शोक की लहर, वरिष्ठ अधिवक्ता रामोतार साव के निधन पर न्यायिक कार्य स्थगित
- Post By Admin on Feb 06 2026
लखीसराय : जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय के नियमित एवं वरीय सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता श्री रामोतार साव (बाबू) के आकस्मिक निधन से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिज्ञ संघ द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही संघ के सदस्यों ने पूरे दिन न्यायिक कार्य से स्वयं को अलग रखा।
शोक सभा की अध्यक्षता जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने की। इस दौरान तदर्थ समिति सदस्य रामाशंकर सिंह उर्फ अमरनाथ, पूर्व सचिव रविविलोचन वर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष सुभाषचंद्र निराला, प्रदीप वर्मा, पूर्व अपर लोक अभियोजक रामविलास शर्मा, अधिवक्ता रजनीश कुमार, राजेश कुमार, धनंजय कुमार, रविशचन्द्र अम्बष्ठा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
दिवंगत अधिवक्ता श्री रामोतार साव का पार्थिव शरीर व्यवहार न्यायालय परिसर में लाया गया, जहां जिला विधिज्ञ संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ-साथ न्यायिक अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अजय कुमार शर्मा, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री पवन कुमार झा, जिला अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्रीमती रजनी कुमारी, द्वितीय श्री शुभनंदन झा, तृतीय श्री राजीव कुमार मिश्रा, चतुर्थ श्री नरेन्द्र कुमार यादव, पंचम श्री राजन कुमार, षष्ठ श्रीमती श्वेता वर्मा, सप्तम श्री दिव्य प्रकाश सहित न्यायिक दंडाधिकारीगण उपस्थित रहे।
शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि मधुर व्यवहार, सरल व्यक्तित्व और निर्विवाद विधि-व्यवसाय के लिए सुविख्यात अधिवक्ता रामोतार साव का असामयिक निधन न्याय मंडल, लखीसराय के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से पूरा अधिवक्ता समुदाय स्तब्ध और मर्माहत है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व बार के एक अन्य नियमित अधिवक्ता श्री उपेन्द्र मंडल के आकस्मिक निधन पर भी जिला विधिज्ञ संघ द्वारा न्यायिक कार्य से विरत रहा गया था। जिला विधिज्ञ संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए दोनों दिवंगत अधिवक्ताओं के शोकाकुल परिवारों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की।
इसके अतिरिक्त, लखीसराय की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा वर्तमान जिला न्यायाधीश, नवादा श्रीमती शिल्पी सोनी राज के आकस्मिक निधन पर भी जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय द्वारा अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिला विधिज्ञ संघ ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।