महिला संवाद कार्यक्रम से सशक्त और स्वावलंबी बन रही महिलाएं

  • Post By Admin on May 08 2025
महिला संवाद कार्यक्रम से सशक्त और स्वावलंबी बन रही महिलाएं

लखीसराय : महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए लखीसराय की महिलाएं अब अपने गांवों में आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बन रही हैं। जीविका, लखीसराय के तहत आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम*ल ने महिलाओं को एक मंच प्रदान किया है, जहां वे अपने जीवन में आए बदलावों को साझा कर रही हैं और भविष्य के लिए नीतियाँ तय करने में अपनी भूमिका निभा रही हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे ग्रामीण विकास विभाग के तत्वाधान में जीविका द्वारा साकार किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं से राज्य में चल रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली जाती है और यह भी जाना जाता है कि और क्या किया जा सकता है ताकि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।

लखीसराय जिले में यह कार्यक्रम सक्रिय रूप से जारी है और महिलाओं और छात्राओं की बड़ी संख्या इसमें भाग ले रही हैं। महिसोना गांव में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में रीता देवी ने बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं से उनके परिवार की स्थिति में सुधार आया है। अब उनके घर में हर घर नल योजना के तहत पानी की सुविधा उपलब्ध है और शौचालय भी बन चुका है। इसके अलावा, विभा, जो दोनों आंखों से देख नहीं सकतीं, चाहती हैं कि उनके गांव में भी शिक्षा की सुविधाएं शहर के तर्ज पर हो।

संजिदा बेगम ने सुर्यपुरा गांव में अस्पताल में हमेशा चिकित्सक की उपलब्धता की आवश्यकता को महसूस किया और बुनियादी सुविधाओं के बारे में भी सुझाव दिया। वहीं, पूजा देवी ने धीरा गांव में स्वच्छता और राशन कार्ड निर्माण की मांग की।

गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान जीविका द्वारा चलाए गए प्रचार कार्य जैसे फिल्में, लीफलेट्स द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों और योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, महिलाएं और उनके घर की बेटियां माननीय मुख्यमंत्री जी का संदेश पढ़कर महिला अधिकारों की रक्षा और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु संकल्प भी लिया।

कुमारी अदिति सिन्हा, प्रशिक्षण अधिकारी, जीविका ने महिलाओं को स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जीतेन्द्र कुमार, राज्य परियोजना प्रबंधक- रोजगार, जीविका ने महिलाओं को गांव-समाज के विकास के लिए अपनी इच्छा और आकांक्षाओं को व्यक्त करने के लिए जागरूक किया।

इस कार्यक्रम का आयोजन लखीसराय के विभिन्न प्रखंडों में हुआ, जिसमें महावीर ग्राम संगठन, गंगा सागर ग्राम संगठन, संगम ग्राम संगठन, मौसम ग्राम संगठन, सवेरा ग्राम संगठन और अन्य ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम महिलाओं की आवाज को बुलंद करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।