35 पैक्स के लिए 130 बूथों पर मतदान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • Post By Admin on Nov 29 2024
35 पैक्स के लिए 130 बूथों पर मतदान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लखीसराय : जिले के चार प्रखंड क्षेत्रों में स्थित 35 पैक्स के लिए शुक्रवार को 130 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। सुबह 7:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत के लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 06346-232952 जारी किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र और एसपी अजय कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर सुरक्षा की जिम्मेदारी सुनिश्चित की है।

हलसी प्रखंड में सबसे अधिक 10 पंचायतों में पैक्स चुनाव कराया जा रहा है जहां 38 मतदान केंद्रों को 5 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सदर प्रखंड में 9 पैक्स के लिए 35 बूथ निर्धारित हैं और 9 सेक्टर पदाधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बड़हिया और रामगढ़ चौक प्रखंडों में 8-8 पैक्स के चुनाव होंगे जहां बड़हिया के 24 बूथों को 5 सेक्टरों में बांटा गया है, जबकि रामगढ़ चौक के 33 बूथों के लिए 4 सेक्टर बनाए गए हैं। वही, कुछ क्षेत्रों में चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। बड़हिया के खुटहा पूर्वी और लखीसराय के बाल गुदर में पैक्स चुनाव स्थगित हैं।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रखंडों में वरिष्ठ पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सदर प्रखंड में डीसीएलआर सितु शर्मा और अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशांक कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बड़हिया प्रखंड में नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी रवि कुमार आर्या और डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार को सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है। रामगढ़ चौक प्रखंड में पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राजेश त्रिवेदी और जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद की तैनाती की गई है जबकि हलसी प्रखंड में अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी मोहम्मद खिलाफत अंसारी, राज्य कर आयुक्त मनोज कुमार और वरीय उपसमाहर्ता राहुल कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। सदर प्रखंड के सबिकपुर पंचायत में कोऑपरेटिव अध्यक्ष मिंटू देवी की पुत्री चुनाव मैदान में हैं। वहीं महिसोना पैक्स में जिला परिषद सदस्य की मां चुनावी दौड़ में हैं। हलसी पैक्स में जिला परिषद अध्यक्ष अंशु देवी के पति की साख पर भी सवाल उठे हैं। इसके अलावा, साढ़माफ, मोहद्दीनगर, धीरा, भंवरिया, औरे और नंदनामा पंचायतों में पैक्स चुनाव चर्चा का विषय बने हुए हैं।