बीपीएससी टी-4 को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज से मचा हड़कंप

  • Post By Admin on May 08 2026
बीपीएससी टी-4 को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज से मचा हड़कंप

पटना : राजधानी पटना में बीपीएससी टीआरई-4 अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच शुक्रवार को तीखी झड़प हो गई। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिनमें महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से टीआरई-4 भर्ती अधिसूचना जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल अधिसूचना जारी करने और उम्र सीमा में छूट देने की मांग की।प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी सुमित कुमार ने बताया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे, लेकिन पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं और महिला अभ्यर्थियों के साथ भी मारपीट की गई।

एक महिला अभ्यर्थी ने कहा कि दो वर्षों से भर्ती प्रक्रिया लंबित है और अब नई परीक्षा प्रक्रिया की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग किया।वहीं अभ्यर्थी सोहम कुमारी ने भावुक होकर कहा कि कई छात्रों ने बीएड और अन्य पढ़ाई के लिए कर्ज लिया है। कुछ छात्रों की उम्र सीमा समाप्त होने की स्थिति में है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार उम्र सीमा में छूट देगी। अभ्यर्थियों ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है और शिक्षकों की भर्ती की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और दो वर्षों की देरी को देखते हुए उम्र सीमा में विशेष छूट देने की मांग की है।