ज्वालामुखी का कहर : माउंट डुकोनो विस्फोट में 3 पर्वतारोहियों की मौत, 10 लापता
- Post By Admin on May 08 2026
जकार्ता : इंडोनेशिया के हमाहेरा द्वीप स्थित माउंट डुकोनो ज्वालामुखी में शुक्रवार सुबह भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम तीन पर्वतारोहियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य अब भी पहाड़ पर फंसे हुए हैं। ज्वालामुखी से निकली राख करीब 10 किलोमीटर यानी 32 हजार फीट से अधिक ऊंचाई तक पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार विस्फोट सुबह 7:41 बजे हुआ। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। फंसे हुए पर्वतारोहियों में 9 सिंगापुर के नागरिक बताए जा रहे हैं। उत्तरी हलमाहेरा प्रांत के पुलिस प्रमुख ने बताया कि मृतकों में दो सिंगापुर के नागरिक और एक टेरनाटे द्वीप का निवासी शामिल है। सभी लोग पर्वतारोहण के लिए इलाके में पहुंचे थे। वैज्ञानिकों ने ज्वालामुखी गतिविधियों में तेजी आने के बाद 17 अप्रैल से ही इस क्षेत्र को पर्यटकों और पर्वतारोहियों के लिए बंद कर दिया था। प्रशासन ने लोगों को ज्वालामुखी के क्रेटर से 4 किलोमीटर दूर रहने की चेतावनी दी है। माउंट डुकोनो हाल्माहेरा द्वीप के तीन सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है और यह वर्ष 1933 से लगातार सक्रिय बना हुआ है। इससे अक्सर सल्फर डाइऑक्साइड का धुआं और राख निकलती रहती है। इससे पहले 6 अप्रैल को भी इसमें विस्फोट हुआ था, हालांकि उस समय सभी पर्वतारोही सुरक्षित बच गए थे।
इंडोनेशिया के ज्वालामुखी विज्ञान एवं भूवैज्ञानिक आपदा शमन केंद्र ने बताया कि माउंट डुकोनो फिलहाल देश की चार स्तरीय चेतावनी प्रणाली के तीसरे सबसे उच्च स्तर पर है। हालांकि अब तक किसी उड़ान सेवा के प्रभावित होने की सूचना नहीं मिली है।