ट्रॉफी गौरव यात्रा का मुजफ्फरपुर आगमन, हॉकी को बढ़ावा देने का प्रयास

  • Post By Admin on Nov 02 2024
ट्रॉफी गौरव यात्रा का मुजफ्फरपुर आगमन, हॉकी को बढ़ावा देने का प्रयास

मुजफ्फरपुर : बिहार में हॉकी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी एशियन हॉकी चैंपियनशिप (महिला वर्ग) के लिए ट्रॉफी गौरव यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 11 से 20 नवंबर तक राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित की जाएगी। इस पहल के तहत खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों में कराई जा रही है।

इस क्रम में 2 नवंबर को यह यात्रा मुजफ्फरपुर में दोपहर 3:30 बजे स्पोर्ट्स कंपलेक्स सिकंदरपुर पहुंचेगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। ट्रॉफी गौरव यात्रा सारण से होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचेगी और रात के विश्राम के बाद सुबह समस्तीपुर की ओर प्रस्थान करेगी।

हॉकी को समर्पित विशेष बस के माध्यम से लाई जा रही यह ट्रॉफी यात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिकंदरपुर में पहुंचेगी। जिला खेल पदाधिकारी के अनुसार, यह यात्रा राज्य में हॉकी के प्रति जागरूकता और प्रोत्साहन को बढ़ाने का कार्य करेगी।

एशियन हॉकी चैंपियनशिप में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला टीमें भाग लेंगी। सभी खेल प्रेमियों को इस गौरव यात्रा में शामिल होकर हॉकी को समर्थन देने के लिए आमंत्रित किया गया है।