मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में पूर्व शिक्षक स्वर्गीय प्रो. बागेश्वरी नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर कॉलेज परिवार के सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और आदर्शों को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत दिनकर पार्क स्थित प्रो. बागेश्वरी नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित शिक्षकों और अन्य लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि प्रो. बागेश्वरी बाबू का पूरा जीवन शिक्षा के लिए समर्पित रहा। वे उच्च कोटि के शिक्षाविद होने के साथ-साथ कुशल प्रशासक भी थे। उन्होंने जीवनभर अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से समझौता नहीं किया। विद्यार्थियों के लिए वे केवल शिक्षक नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और संरक्षक की भूमिका भी निभाते थे। प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि उनका अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास करना और उन्हें सत्य के मार्ग पर दृढ़ता से चलने के लिए प्रेरित करना ही प्रो. बागेश्वरी बाबू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. विजय कुमार, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. आनंद कुमार, सुजीत कुमार सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
















