चतरा: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC की नॉर्थ करनपुरा परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के समय मजदूर परियोजना के CHP JH-1 क्षेत्र में काम कर रहे थे।

ढांचा गिरने के बाद कई मजदूर मलबे में दब गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बचाव दलों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। मृतक मजदूरों में चतरा के टंडवा, हजारीबाग और बिहार के औरंगाबाद के निवासी शामिल बताए गए हैं। NTPC नॉर्थ करनपुरा ने आधिकारिक बयान जारी कर तीन श्रमिकों की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। कंपनी के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में शामिल श्रमिक सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और थिसेनक्रुप से जुड़े बताए गए हैं।

घटना के बाद मृतक मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने प्रत्येक मृतक के परिवार को तीन करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन देने की मांग की है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।