मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर पट्टी गांव से चोरी किए गए एक माह के नवजात को पुलिस ने शहर के भगवानपुर स्थित एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, होटल में बच्चे का सौदा करने की कोशिश की जा रही थी।
मामले की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पारू निवासी महेंद्र राम का लोकेशन मुजफ्फरपुर शहर में मिला। इसके बाद सदर थाना क्षेत्र के होटल में छापेमारी की गई, जहां नवजात के साथ दोनों आरोपित पकड़े गए। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के तपन क्षेत्र की निवासी कावेरी दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला की दो बेटियां हैं और वह पुत्र की चाह में बच्चा खरीदना चाहती थी। महेंद्र राम ने उसे बच्चा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसी उद्देश्य से नवजात को उसके घर से चुराकर होटल लाया गया।
पुलिस ने बच्चे को बाल कल्याण समिति के निर्देश पर परिजनों को सौंप दिया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
•खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है।
















