लखीसराय : खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत जिले में सरकारी स्तर पर धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने रामगढ़ चौक प्रखंड के शरमा पैक्स में धान खरीद कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। जिले में 15 नवंबर से ही धान अधिप्राप्ति शुरू हो चुकी है, जो 31 मार्च 2027 तक जारी रहेगी।
इस मौके पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और पैक्स प्रबंधकों को सभी निबंधित किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से धान खरीदने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान बेचने के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर किसानों के बैंक खातों में न्यूनतम समर्थन मूल्य की राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा। जिला पदाधिकारी ने किसानों से सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ उठाने और अपने निर्धारित पैक्स के माध्यम से धान बेचने की अपील की।
खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिए साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2,461 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसान निर्धारित अवधि के दौरान सरकारी व्यवस्था के तहत अपनी उपज बेच सकेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार, अधिप्राप्ति व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध बनाना है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और शरमा पैक्स के किसान उपस्थित रहे।
















