मुंबई : वैश्विक स्तर पर भारतीय युवाओं की बढ़ती ताकत को सलाम करते हुए दुनिया की जानी-मानी मैगजीन TIME ने रिलायंस (Reliance) के साथ प्रीमियर पार्टनरशिप में पहली बार 'TIME100 Next India' की सूची जारी की है। TIME100 Next के इस पहले अंतरराष्ट्रीय संस्करण में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और फिल्ममेकर आर्यन खान से लेकर युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी तक, भारत के 100 ऐसे प्रतिभाशाली चेहरों को शामिल किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में बदलाव की नई इबारत लिख रहे हैं।
खेल, संगीत से लेकर बिजनेस और अंतरिक्ष विज्ञान तक की चमक
इस सूची में सिर्फ सिनेमा और क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों के उभरते सितारों का शानदार संगम देखने को मिला है। खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन और सानिया मिर्जा ने अपनी जगह बनाई है, तो वहीं संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले दिलजीत दोसांझ और अनिरुद्ध रविचंदर को भी इस सम्मान से नवाजा गया है। बिजनेस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, तरुण मेहता और राधिका गुप्ता के साथ-साथ साइंस और इनोवेशन कैटेगरी में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला भी इस प्रतिष्ठित लिस्ट का हिस्सा बने हैं।
तीन खास ग्लोबल कवर और दिग्गजों की कलम से लिखे प्रोफाइल
इस ऐतिहासिक लॉन्च के मौके पर TIME ने तीन विशेष ग्लोबल कवर भी पेश किए हैं। पहले कवर पर बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट छाई हुई हैं, जबकि दूसरे कवर पर स्पेस-टेक कंपनी स्काईरूट (Skyroot) के को-फाउंडर पवन कुमार चंदाना को जगह दी गई है। इसके अलावा तीसरे ग्रुप कवर पर फिल्ममेकर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो एक साथ नजर आ रहे हैं। इस लिस्ट की एक बेहद दिलचस्प बात यह भी है कि इन युवा प्रतिभाओं के बारे में देश की नामचीन हस्तियों ने अपने विचार लिखे हैं, जिनमें निर्देशक एस.एस. राजामौली ने आलिया भट्ट, विशाल भारद्वाज ने आर्यन खान और अभिनेता आयुष्मान खुराना ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों को शब्दों में पिरोया है।
दुनिया का भविष्य गढ़ेगी भारत की यह नई पीढ़ी
भारत और दुनिया भर में कार्यरत TIME के पत्रकारों द्वारा तैयार की गई इस सूची पर मैगजीन की सीईओ जेसिका सिबली ने कहा कि भारत में नेतृत्व की एक ऐसी नई पीढ़ी उभर रही है, जिसके विचार और काम देश की सीमाओं से बाहर भी गहरा असर डाल रहे हैं। वहीं, TIME के एडिटर-इन-चीफ सैम जैकब्स का मानना है कि भारत की यह युवा पीढ़ी न केवल अपने देश, बल्कि पूरी दुनिया का भविष्य गढ़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
7 दिसंबर को विशेष अंक और 12 दिसंबर को मुंबई में गाला
TIME100 Next India का 7 दिसंबर का विशेष अंक दुनिया भर के न्यूज़स्टैंड्स पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में एक भव्य गाला इवेंट आयोजित किया जाएगा। रिलायंस की साझेदारी में होने वाले इस समारोह में देश-विदेश की कई दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी।
















