मुजफ्फरपुर : समता पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं बिहार विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. सतीश पटेल की दसवीं पुण्यतिथि पर बुधवार को अंडीगोला स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और छात्र राजनीति, सामाजिक न्याय तथा शहर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े कार्यों में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने मुजफ्फरपुर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी उठाई।

डॉ. सतीश पटेल का जन्म 11 अगस्त 1960 को हुआ था। 18 नवंबर 2016 को उनका निधन हो गया। छात्र जीवन से ही वे संघर्षशील, निर्भीक और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहे। बिहार विश्वविद्यालय छात्र संघ के पहले उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने छात्र हितों और अधिकारों के लिए आवाज उठाई। वर्ष 1992 में उन्हें राष्ट्रीय छात्र जनता दल का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। सभा में वक्ताओं ने मुजफ्फरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने में उनकी भूमिका का उल्लेख किया। खुदीराम बोस स्टेशन के नामकरण, कंपनी बाग मैदान में अमर शहीद प्रफुल्ल चाकी की प्रतिमा स्थापित कराने तथा शहर में खुदीराम बोस द्वार के निर्माण से जुड़े उनके प्रयासों को याद किया गया। खुदीराम बोस कारागार में प्रत्येक वर्ष शहादत दिवस मनाने की परंपरा शुरू कराने में उनके योगदान की भी चर्चा हुई।

बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड के सदस्य डॉ. शब्बीर अहमद ने कहा कि डॉ. सतीश पटेल जुझारू और संघर्षशील छात्र नेता थे। सामाजिक न्याय की लड़ाई में वे हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते रहे। समाज को उनके योगदान की कमी हमेशा महसूस होगी। उन्होंने मुजफ्फरपुर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता संजीव साहू ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई में डॉ. पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। जदयू के पूर्व प्रदेश महासचिव नरेंद्र पटेल ने उनके सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टिकोण को अद्भुत बताते हुए कहा कि वे समाज के हर वर्ग में जागरूकता लाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाते थे।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधान पार्षद गणेश भारती ने डॉ. सतीश पटेल को सामाजिक चेतना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. पटेल ने हमेशा शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके विचारों और सामाजिक संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए शहर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। इस अवसर पर डॉ. सतीश पटेल की पत्नी दिव्या पटेल, पुत्र विनायक पटेल एवं रोहण पटेल तथा पुत्री रोहिणी पटेल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी, मेयर निर्मला साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष (पूर्वी) विवेक कुमार, वरिष्ठ पत्रकार विभेष त्रिवेदी, विश्वनाथ पटेल, रामबाबू पटेल, डॉ. ललित किशोर, वार्ड पार्षद कन्हैया प्रसाद गुप्ता, मनोज पटेल, रमन कुमार, कन्हैया कुमार गुप्ता, डॉ. अखिलेंद्र कुमार सिंह, विनय पटेल, अमृत कुमार सिंह, राहुल कुमार सिंह, अविनाश भारती, सुरेंद्र पटेल, अरुण कुमार पटेल, गोपाल मुंशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।