बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अक्वान ने अपना रास्ता बदल लिया है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर जाने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान के 20 नवंबर को दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच तट पार करने की संभावना है।
तूफान के तट से गुजरने के दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में उथल-पुथल की चेतावनी दी है। ओडिशा सरकार ने संभावित खतरे को देखते हुए 14 जिलों को अलर्ट पर रखा है। इनमें गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, भद्रक, बालासोर, नयागढ़, कटक, जाजपुर, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज शामिल हैं।
प्रशासन ने संवेदनशील और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को प्रभावित तटीय जिलों में बंद रखने का आदेश दिया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल और अग्निशमन विभाग की 130 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने और तटीय इलाकों के लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।
• खबर में तस्वीर सांकेतिक है।
















