लखीसराय : जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और खेती को अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जिले में जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम लागू किया जाएगा। इसके तहत बुधवार को संयुक्त निदेशक (शस्य), जलवायु अनुकूल खेती, बिहार, पटना के नेतृत्व में चयनित गांवों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया गया।

कार्यक्रम के तहत लखीसराय जिले के पांच प्रखंडों लखीसराय, पिपरिया, चानन, रामगढ़ चौक और हलसी के एक-एक चयनित गांव में जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाएगा। अधिकारियों ने संबंधित गांवों का निरीक्षण कर कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जरूरी पहलुओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की तकनीकों में सुधार, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल के बेहतर उपयोग और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को ऐसी कृषि तकनीकों से जोड़ने की आवश्यकता बताई गई, जिससे मौसम में होने वाले बदलावों के बावजूद खेती को टिकाऊ बनाया जा सके।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य चयनित गांवों के किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना है। इसके माध्यम से कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और किसानों की आय में वृद्धि करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला कृषि विभाग की ओर से कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।