मुजफ्फरपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम की ओर से छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को नगर निगम की महापौर निर्मला साहू, नगर आयुक्त और पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर निर्मला साहू ने बताया कि इस बार बाढ़ के पानी के कारण आश्रम घाट की स्थिति थोड़ी खराब हो गई है। यहां साफ-सफाई की कमी है और लाइट की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, छठ घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा, कपड़े बदलने के अस्थायी कक्ष और शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

महापौर ने यह भी कहा कि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था की जाएगी। छठ व्रतियों की सुरक्षा और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि उन्हें अर्घ्य देने के दौरान कोई असुविधा न हो।