मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज परिसर में कैंटीन का शुभारंभ किया गया। प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने उद्घाटन करते हुए कहा कि किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान में कैंटीन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके शुरू होने से कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ-साथ परिसर में आने वाले अन्य लोगों को भी किफायती दरों पर खाने-पीने की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कैंटीन शुरू होने से परिसर में रहने वाले लोगों को अब खानपान के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं होती। कैंटीन जैसे साझा स्थल विद्यार्थियों के बीच अनौपचारिक बातचीत, विचारों के आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को बढ़ावा देते हैं। ऐसे स्थान विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक स्वास्थ्य और संतुलित पोषण भी जरूरी है। उम्मीद है कि कॉलेज की कैंटीन विद्यार्थियों के बीच संवाद और साथ मिलकर अध्ययन करने का एक सकारात्मक केंद्र बनेगी।

प्राचार्या ने कैंटीन संचालकों को साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रतिष्ठा उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता से भी तय होती है। उद्घाटन के अवसर पर कॉलेज के बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।