सीतामढ़ी : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम से जुड़े चार ठिकानों पर गुरुवार को एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की गई है। शुरुआती जांच में उनकी ज्ञात आय से करीब 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपए अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।

ईओयू के अनुसार, जांच में सामने आई कथित अतिरिक्त संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक है। इस मामले में 18 नवंबर 2026 को आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 33/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। छापेमारी के लिए मुजफ्फरपुर स्थित विशेष न्यायालय निगरानी से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया था। इसके बाद गुरुवार को ईओयू की अलग-अलग टीमों ने सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिले में तलाशी अभियान शुरू किया। जिन ठिकानों पर कार्रवाई की गई, उनमें बाजपट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा स्थित पैतृक और निजी मकान, बाजपट्टी स्थित प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय तथा मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसुदपुर गांव स्थित निजी आवास शामिल हैं।

ईओयू की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य चुने गए थे। इसके बाद वे बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने। आरोप है कि पद पर रहते हुए उन्होंने कथित रूप से अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। फिलहाल तलाशी अभियान के दौरान दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। ईओयू ने कहा है कि छापेमारी पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।