मुजफ्फरपुर : बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के मास्टर ट्रेनर और पदाधिकारियों ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में दूसरे दिन दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और सीतामढ़ी जिलों के अधिकारियों को पैक्स निर्वाचन 2024 से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान अधिकारियों को स्वच्छ मतदाता सूची के निर्माण, नामांकन प्रक्रिया, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया और स्ट्रांग रूम की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि प्राधिकार द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों और मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
मुजफ्फरपुर जिले में कुल 299 पैक्स का चुनाव होना है, जिसे राज्य स्तर पर पांच चरणों में आयोजित किया जाएगा। मुजफ्फरपुर में यह चुनाव चार चरणों में संपन्न होंगे। 26 नवंबर को बोचहा, गायघाट, कटरा और औराई प्रखंडों में चुनाव होंगे। 29 नवंबर को मड़वन, सरैया, पारु और कुढ़नी में, 1 दिसंबर को मीनापुर, कांटी, मोतीपुर और साहेबगंज में तथा 3 दिसंबर को मुसहरी, मुरौल, बंदरा और सकरा प्रखंडों में चुनाव होंगे।




















