ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान दीवार गिरी; 2 फायरकर्मियों की मौत

  • Post By Admin on Aug 04 2026
ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान दीवार गिरी; 2 फायरकर्मियों की मौत

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में स्थित चिप निर्माण करने वाली ILGIM कंपनी में लगी भीषण आग पर काबू पाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने में जुटी दमकल टीम पर अचानक फैक्ट्री की दीवार और लोहे की भारी बीम गिर गई, जिससे दो दमकल कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य फायरकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दमकल विभाग की कई टीमें आग बुझाने में लगी हुई थीं। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में कई फायरकर्मी आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया गया।घायलों में फायरकर्मी राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार शामिल हैं। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने फैक्ट्री में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इस दुखद घटना की पुष्टि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने भी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री की दीवार और लोहे की भारी बीम के अचानक ढहने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोगों ने जान जोखिम में डालकर आग बुझाने वाले दमकल कर्मियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को श्रद्धांजलि देते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।