विश्व मानव अधिकार दिवस के अवसर पर महुआ में यातायात जागरूकता अभियान
- Post By Admin on Dec 11 2024

वैशाली : अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन (आईएचआरएसओ) की टीम द्वारा बुधवार को जिले के महुआ में विश्व मानव अधिकार दिवस के उपलक्ष्य में एक महत्वपूर्ण यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार के आदेश पर किया गया। जिसमें स्थानीय पदाधिकारियों ने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया।
इस अभियान के दौरान महुआ पातेपुर क्षेत्र में टू-व्हीलर वाहन चालकों की जांच की गई। जो चालक हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे थे उन्हें माला और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। वहीं जिन चालकों के पास हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, उन्हें पुष्प गुच्छ देकर यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
संगठन ने उन्हें यह समझाया कि वे जब भी टू-व्हीलर वाहन चलाएं तो हेलमेट का प्रयोग करें और सभी जरूरी दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के कागजात पूर्ण रखें। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने से बचने की अपील भी की गई।
यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान में चार पहिया वाहन चालकों को भी शामिल किया गया। उन्हें सीट बेल्ट पहनने और साथ में यात्रा करने वाले यात्री को भी सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई। इसके अलावा नशा मुक्त अभियान के तहत यह संदेश भी दिया गया कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन न चलाए।
इस जागरूकता अभियान का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत कुमार यादव द्वारा अखंड ज्योति दीप जलाकर किया गया। इस दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिनमें कृणाल कुमार जायसवाल (युवा प्रदेश अध्यक्ष, बिहार), टी एन सुमन (प्रदेश अध्यक्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ), के एल सिंह, रंजय कुमार राय (प्रदेश महासचिव), अखिलेश कुमार राय (प्रदेश सचिव), रौशन कुमार (प्रदेश महासचिव) और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे।
संगठन के जिला और युवा प्रकोष्ठ के प्रमुखों ने भी इस अभियान में भाग लिया और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में वैशाली जिले के विभिन्न स्थानों से लोग जुटे थे और इस अभियान का स्वागत किया गया।