दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर के परिवार से जुड़ा जमीन विवाद राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। जिले के पोखरभिंडा गांव में प्रशासन ने सरकारी सड़क पर अतिक्रमण कर बनाई गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत और जमीन की मापी के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने प्रशासन से शिकायत की थी कि विधायक के परिवार द्वारा घर निर्माण के दौरान सरकारी सड़क के हिस्से पर दीवार खड़ी कर दी गई है। इसके अलावा ग्रामीणों ने निजी जमीन, गांव के देवस्थल तिवारी बाबा, राधाकृष्ण मंदिर, सामूहिक श्राद्ध स्थल और नाले की जमीन पर भी अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की थी। शिकायतों के बाद गुरुवार को उपसमाहर्ता भूमि सुधार अजय कुमार और अंचलाधिकारी आलोक कुमार अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में जमीन की मापी कराई गई। शुरुआती जांच में सरकारी सड़क के एक हिस्से पर अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने बाउंड्री वॉल हटवा दी और रास्ते को फिर से आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया।

विधायक मैथिली ठाकुर ने अपने परिवार पर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसुनवाई के लिए घर बनवा रही हैं और परिवार के पास जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज हैं। दूसरी ओर, विपक्षी दल राजद ने इस मामले को लेकर सरकार और सत्तारूढ़ दल के नेताओं पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सड़क पर अतिक्रमण हटाया गया है, जबकि निजी जमीन और अन्य सार्वजनिक स्थलों से संबंधित शिकायतों की जांच अभी बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की अंतिम तस्वीर जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगी।