तिरहुत स्नातक चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर में बैठक, राजीव कुमार की उम्मीदवारी पर चर्चा
- Post By Admin on Sep 28 2026
मुजफ्फरपुर : तिरहुत स्नातक निर्वाचन 2026 को लेकर मुजफ्फरपुर में शहर के बुद्धिजीवियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आजाद कॉलोनी, मरीपुर स्थित डॉ. राजीव कुमार राजू के आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता शेरपुर के मुखिया नरेश प्रसाद ने की। बैठक में शिक्षकों, बेरोजगार युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए डॉ. राजीव कुमार से तिरहुत स्नातक निर्वाचन में उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने का आग्रह किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नरेश प्रसाद ने कहा कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए योग्य प्रतिनिधित्व जरूरी है। उन्होंने आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान में मतदाताओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने डॉ. राजीव कुमार से चुनाव लड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि बिहार में पलायन और शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
लॉ कॉलेज के निदेशक जयंत कुमार ने भी बैठक में शिक्षकों की समस्याओं और लगातार बढ़ रही बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन विषयों को गंभीरता से सदन और संबंधित मंचों तक पहुंचाने के लिए डॉ. राजीव कुमार को चुनावी मैदान में आना चाहिए। उन्होंने राजीव कुमार को चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया।
चित्रगुप्त एसोसिएशन के महामंत्री प्रो. अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में डॉ. राजीव कुमार को एक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने वित्त रहित शिक्षकों, बेरोजगारों, नियोजित शिक्षकों और अतिथि शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए राजीव कुमार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त एसोसिएशन चुनाव में उनके साथ खड़ा रहेगा और उन्हें चुनाव में अवश्य उतरना चाहिए। बैठक के दौरान एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने भी डॉ. राजीव कुमार से चुनाव लड़ने तथा 5 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का आग्रह किया।
इस दौरान विनय कर्ण, डॉ. अमित कुमार, अनीश कर्ण, अमिताभ शरण उर्फ पुट्टु, प्रो. एसके वर्मा, डॉ. सुनील कुमार, संजीव सोनू, डॉ. प्रकाश कुमार बंटी, अवकाश प्राप्त एमआईटी, प्रो. मनीष कृष्ण, प्रो. सुनील सिन्हा सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। सभी ने राजीव कुमार से तिरहुत स्नातक निर्वाचन में उम्मीदवार बनने और चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र तथा समाज से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने का आग्रह किया। बैठक में मौजूद लोगों के लगातार आग्रह के बाद डॉ. राजीव कुमार ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन लड़ने पर अपनी सहमति व्यक्त की। इसके साथ ही सर्वसम्मति से 5 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का निर्णय लिया गया। राजीव कुमार ने स्वयं को शिक्षक प्रतिनिधि एवं तिरहुत स्नातक निर्वाचन के भावी उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत किया।