होम ब्रॉडबैंड बाजार में जियो की पकड़ मजबूत, एयरटेल से ढाई गुना ज्यादा कनेक्शन

  • Post By Admin on Sep 28 2026
होम ब्रॉडबैंड बाजार में जियो की पकड़ मजबूत, एयरटेल से ढाई गुना ज्यादा कनेक्शन

नई दिल्ली : देश के होम ब्रॉडबैंड बाजार में अगस्त के दौरान जियो ने एक बार फिर मजबूत बढ़त दर्ज की है। कंपनी ने महीनेभर में करीब 5.7 लाख नए होम ब्रॉडबैंड कनेक्शन जोड़े। यह संख्या उसके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एयरटेल की तुलना में करीब ढाई गुना अधिक रही। जियो के इस विस्तार में वायरलेस होम ब्रॉडबैंड सेवा JioAirFiber की अहम भूमिका रही है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की ओर से जारी सब्सक्राइबर आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में एयरटेल ने करीब 2.27 लाख नए होम ब्रॉडबैंड कनेक्शन जोड़े। वहीं जियो ने कुल मिलाकर लगभग 5.7 लाख कनेक्शन जोड़कर इस सेगमेंट में अपनी स्थिति और मजबूत की।

जियो के पारंपरिक वायर्ड ब्रॉडबैंड कनेक्शनों में भी अगस्त के दौरान अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के वायर वाले होम ब्रॉडबैंड कनेक्शन करीब 1.88 लाख बढ़े। इसके साथ ही 5G आधारित फिक्स्ड वायरलेस और यूबीआर कनेक्शनों को मिलाकर जियो ने करीब 3.79 लाख नए वायरलेस होम ब्रॉडबैंड कनेक्शन जोड़े। दूसरी ओर, एयरटेल के फिक्स्ड वायरलेस कनेक्शनों में करीब 96 हजार की बढ़ोतरी हुई। कुल ग्राहक आधार की बात करें तो अगस्त के अंत तक जियो के फिक्स्ड वायर्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या करीब 1.48 करोड़ पहुंच गई थी। इसी अवधि में एयरटेल के फिक्स्ड वायर्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या करीब 1.14 करोड़ रही। इससे वायर्ड होम ब्रॉडबैंड बाजार में भी जियो की मजबूत स्थिति का पता चलता है।

वायरलेस होम ब्रॉडबैंड के क्षेत्र में JioAirFiber का विस्तार तेजी से जारी है। अगस्त के अंत तक जियो के 5G AirFiber कनेक्शनों की संख्या बढ़कर करीब 94.19 लाख हो गई। इसके अतिरिक्त कंपनी के यूबीआर आधारित करीब 53.68 लाख फिक्स्ड वायरलेस कनेक्शन भी मौजूद थे। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड बाजार में जियो की हिस्सेदारी करीब 78.6 फीसदी रही।

TRAI के आंकड़े यह भी बताते हैं कि देश में फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड का बाजार लगातार विस्तार कर रहा है। जुलाई में देशभर में ऐसे कनेक्शनों की संख्या करीब 1.884 करोड़ थी, जो अगस्त में बढ़कर लगभग 1.934 करोड़ हो गई। इसका मतलब है कि एक महीने में इस श्रेणी में करीब 50 लाख कनेक्शनों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड ऐसी तकनीक है, जिसमें पारंपरिक केबल या तार बिछाए बिना वायरलेस नेटवर्क के माध्यम से घरों तक इंटरनेट सेवा पहुंचाई जाती है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां फाइबर नेटवर्क पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है, वहां ऐसी सेवाओं का विस्तार होम इंटरनेट बाजार को गति दे रहा है। अगस्त के आंकड़े इस बात की ओर भी संकेत करते हैं कि वायरलेस ब्रॉडबैंड सेवाओं में बढ़ती मांग के बीच जियो ने इस बाजार में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है।