आरडीएस कॉलेज में निकली तिरंगा यात्रा, छात्रों ने दिया राष्ट्रएकता का संदेश
- Post By Admin on Aug 13 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में गुरुवार को हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य शशि भूषण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। तिरंगा हाथों में लेकर निकले विद्यार्थियों ने वंदे मातरम्, भारत माता की जय और युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति जैसे नारों के साथ पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर प्राचार्य शशि भूषण कुमार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना आज के समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान हिंदी विभाग के डॉ. मनोज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गान कराया। सामूहिक गान के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सौरभ राज की देखरेख में कार्यक्रम का संचालन किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. आनंद प्रकाश दुबे, डॉ. विकास कुमार, डॉ. चौधरी संजय कुमार, डॉ. सी.के. झा, डॉ. आरती मित्रा, श्रीमती निधि कुमारी एवं श्रीमती नीता कुमारी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों की मौजूदगी से विद्यार्थियों का उत्साह और मनोबल और अधिक बढ़ा। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और NSS स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।