लद्दाख में भूकंप से दहशत, यमुना घाटी तक महसूस हुआ कंपन

  • Post By Admin on Aug 13 2026
लद्दाख में भूकंप से दहशत, यमुना घाटी तक महसूस हुआ कंपन

लेह : लद्दाख में गुरुवार की सुबह भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। केंद्र शासित प्रदेश के लेह क्षेत्र में सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप की गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे थी। भूकंप का केंद्र किस क्षेत्र में था, इसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

अचानक आए झटकों के कारण लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों में एकत्र हो गए। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। भूकंप का असर उत्तराखंड के कई इलाकों में भी महसूस किया गया। उत्तरकाशी, बड़कोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़, डुंडा और यमुना घाटी के अन्य क्षेत्रों में लोगों ने तेज कंपन महसूस होने की बात कही है। दो और तीन मंजिला मकानों में रहने वाले लोग घरों के हिलने से भयभीत होकर बाहर निकल आए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, इसलिए ऐसे झटकों के दौरान लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। फिलहाल राहत की बात यह है कि किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है और हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।