‘हमारी आवाज’ में पत्रकारों ने उठाई सुरक्षा, मान्यता और पेंशन की मांग, सर्वसम्मति से पारित हुआ मांग-पत्र

  • Post By Admin on Oct 04 2026
‘हमारी आवाज’ में पत्रकारों ने उठाई सुरक्षा, मान्यता और पेंशन की मांग, सर्वसम्मति से पारित हुआ मांग-पत्र

मुजफ्फरपुर: ग्रामीण और प्रखंड स्तर पर कार्यरत पत्रकारों की सुरक्षा, मान्यता, पेंशन और सामाजिक-आर्थिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे अब विधानसभा में उठाने की तैयारी है। सरैया स्थित आमंत्रण रिसॉर्ट में मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी, भारत-नेपाल के पत्रकार संगठन की ओर से आयोजित ‘हमारी आवाज’ कार्यक्रम में पत्रकारों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में प्रस्तुत मांग-पत्र को पत्रकारों ने ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित किया।

कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, फारबिसगंज सहित विभिन्न जिलों से पत्रकार शामिल हुए। पत्रकारों ने ग्रामीण एवं प्रखंड स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने रखा और सरकार से उनके हित में ठोस नीतिगत पहल की मांग की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पारू विधायक शंकर राय ने कहा कि सूचना तंत्र की वास्तविक रीढ़ प्रखंड स्तर पर काम करने वाले पत्रकार हैं। उन्होंने कहा कि पहले पत्रकारिता का केंद्र मुख्य रूप से अनुमंडल स्तर तक सीमित था, लेकिन अब प्रखंड स्तर पर बड़ी संख्या में पत्रकार सक्रिय होकर जनता की समस्याओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी सामने ला रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और पेंशन से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष रखने के साथ विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया। लालगंज विधायक संजय सिंह ने भी पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है और पत्रकारों से जुड़े जायज मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जानी चाहिए।

कार्यक्रम में पत्रकारों की ओर से कई प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें बिहार पत्रकार संरक्षण आयोग के गठन की मांग प्रमुख रही, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संस्थागत संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा ग्रामीण एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकार का दर्जा देने, मान्यता आवेदन में जिला और अनुमंडल के साथ प्रखंड का कॉलम जोड़ने तथा कोटा सिस्टम समाप्त करने की मांग की गई। 58 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वरीय पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना में शामिल करने की मांग भी उठाई गई। पत्रकारों का कहना था कि लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पत्रकारों तक नियमित रूप से पहुंचाने के लिए प्रेस क्लबों का नियमित संचालन करने, प्रत्येक जिले के प्रेस क्लब में जिला प्रशासन की ओर से मासिक पत्रकार गोष्ठी आयोजित करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में पत्रकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पत्रकार आकस्मिक सहायता कोष गठित करने की मांग भी मांग-पत्र में शामिल की गई।

कार्यक्रम में जिला पार्षद विपिन शाही, मुखिया प्रतिनिधि चिदानंद द्विवेदी, जिला पार्षद प्रतिनिधि मुन्ना राइन, कार्यालय प्रभारी सुमित कुमार, वैशाली जिला अध्यक्ष प्रभात कुमार, मोतिहारी जिला अध्यक्ष नवेंदु कुमार सिंह और मुजफ्फरपुर के सदस्यता अभियान प्रभारी पत्रकार विनोद पासवान सहित कई लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर नवेंदु कुमार सिंह, पप्पू कुमार सिंह, राजा कुमार शाह, सितेश कुमार, शैलेंद्र कुमार, नवीन कुमार, समरजीत कुमार, ललन सिंह, रामकिंकर मिश्रा, अजीत कुमार, रोहन तिवारी, मुकेश कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, विश्वनाथ चौधरी, राहुल कुमार, विनोद कुमार, सुनील कुमार मुस्लिम, निखिल, नियाज आलम, शिवेश झा, मृत्युंजय पांडे, पंकज, राकेश, मनोज कुमार राय, शशि भूषण सिंह, मुन्ना कुमार, राजेश कुमार, शिवनाथ कुमार सहनी, रजनीश कुमार, बृजेश कुमार, जाहिर वारसी, प्रशांत कुमार क्रांतिकारी, मोहन कुमार, सुधांशु, अनिरुद्ध राजा, कृत्यानंद कुमार, नवनीत कुमार महुआ, बालेंद्र शाह, रोहित रंजन, संतोष कुमार, नागमणि, नीलमणि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। बैरगनिया के पत्रकार विश्वनाथ चौधरी और विनोद प्रसाद की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी के मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष रंजन कुमार ने की। संचालन वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कृत्यानंद सिंह ने किया। कार्यक्रम में पारित मांग-पत्र के बाद पत्रकारों को उम्मीद है कि उनकी मांगों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार और विधानसभा के समक्ष प्रभावी तरीके से रखा जाएगा।