श्रावणी मेला में कांवरियों की भीड़ संभालने को दो स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव, दानापुर मंडल को भेजी गई मांग

  • Post By Admin on Aug 08 2026
श्रावणी मेला में कांवरियों की भीड़ संभालने को दो स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव, दानापुर मंडल को भेजी गई मांग

लखीसराय: श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) कीउल ने दानापुर मंडल को दो विशेष ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भेजा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार सिंह ने कहा है कि इससे यात्री ट्रेनों पर दबाव कम होगा और मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

प्रस्ताव में पहली विशेष ट्रेन दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (13402) की तर्ज पर दानापुर से उसके नियमित प्रस्थान समय 16:15 बजे से पहले चलाने की मांग की गई है। अधिकारियों का मानना है कि इससे बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, जो सुल्तानगंज में गंगा स्नान के बाद देवघर के लिए गंगाजल लेकर आगे की यात्रा करते हैं। इस व्यवस्था से इंटरसिटी एक्सप्रेस के नियमित यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। दूसरी विशेष ट्रेन कीउल से सुल्तानगंज के बीच रात लगभग 11 बजे चलाने का सुझाव दिया गया है। आरपीएफ के अनुसार इस समय नवादा, शेखपुरा और कोलकाता की दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या कीउल स्टेशन पर जमा हो जाती है, जिससे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ की स्थिति बन जाती है। इसका असर भागलपुर, मालदा टाउन और कोलकाता की ओर जाने वाले सामान्य यात्रियों पर भी पड़ता है।

इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार सिंह ने दानापुर मंडल प्रशासन से अनुरोध किया है कि प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जा सके। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो सुल्तानगंज-देवघर मार्ग पर कांवरियों को बड़ी राहत मिलने के साथ-साथ कीउल और आसपास के प्रमुख स्टेशनों पर भी भीड़ का दबाव कम हो सकता है।