श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं की डीएम ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं ने प्रशासन की सराहना की

  • Post By Admin on Aug 08 2026
श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं की डीएम ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं ने प्रशासन की सराहना की

लखीसराय: श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों से सीधे संवाद कर ड्यूटी के दौरान आ रही समस्याओं और व्यवस्थाओं की स्थिति का फीडबैक लिया।

जिलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करें, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

इस दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने भी मेला में तैनात कर्मियों से उनकी कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी पदाधिकारी या कर्मी को यदि कोई परेशानी हो तो उसे संबंधित वरीय अधिकारी तक तुरंत पहुंचाया जाए, जिससे शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से भी मेला व्यवस्थाओं को लेकर प्रतिक्रिया ली। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था हर वर्ष भी जारी रहनी चाहिए।

जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को संवेदनशीलता, तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है।