पत्नी के मायके जाने से नाराज पति बना हैवान, सास की हत्या कर भूसे में जला डाली लाश
- Post By Admin on Aug 08 2026
पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अमरिया थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव में एक युवक पर अपनी सास की हत्या कर शव को भूसे के ढेर में जलाकर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा तब हुआ जब राख हटाने पर जली हुई हड्डियां और चूड़ी के अवशेष मिले।
पुलिस के अनुसार जिठनिया गांव निवासी सुरेश कुमार पुत्र नत्थू लाल ने अमरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि उसकी 65 वर्षीय मां मोहन देई गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास बने दूसरे मकान में अकेली रहती थीं। जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई की रात सुरेश का बहनोई महेंद्र पाल पुत्र पंचम लाल, निवासी हरहरपुर, उसकी मां के घर आया था और रात में वहीं रुका था। सुरेश ने आरोप लगाया कि उसकी बहन के बार-बार मायके आने को लेकर महेंद्र नाराज रहता था। इसी विवाद के चलते उसने रात में मौका पाकर मोहन देई की हत्या कर दी।
आरोप है कि हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से घर के बाहर बने भूसे के ढेर में रखकर आग लगा दी गई। अगले दिन मोहन देई के गायब होने पर परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। जब जले हुए भूसे की राख हटाई गई तो उसमें जली हुई हड्डियां और चूड़ी के टुकड़े मिले। इसके बाद परिवार को हत्या की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राख से मिले अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी महेंद्र पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि भूसे के ढेर से मिली हड्डियों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद अवशेष मोहन देई के हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।