शहीद खुदीराम बोस की स्मृति में मुजफ्फरपुर में जुलूस और सभा, शिक्षा के निजीकरण का विरोध
- Post By Admin on Aug 11 2026
मुजफ्फरपुर : महान क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस के शहादत दिवस पर एआईडीएसओ (AIDSO) और एआईडीवाईओ (AIDYO) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मुजफ्फरपुर में जुलूस और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शहीद खुदीराम बोस के आदर्शों को याद करते हुए शोषण और दमन के खिलाफ संगठित जनआंदोलन को तेज करने का आह्वान किया।
जुलूस की शुरुआत मोतीझील स्थित एआईडीएसओ-एआईडीवाईओ के जिला कार्यालय से हुई। कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल पहुंचे, जहां शहीद खुदीराम बोस और प्रफुल्ल चंद चाकी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए।श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता एआईडीवाईओ के जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की, जबकि संचालन एआईडीएसओ के जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने किया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ता “इंकलाब जिंदाबाद”, “शहीद खुदीराम बोस अमर रहें”, “सभी क्रांतिकारियों की जीवनी पाठ्य-पुस्तकों में शामिल करो”, “सबको शिक्षा, सबको सुरक्षा” तथा “शिक्षा के निजीकरण, व्यापारीकरण और सांप्रदायिकीकरण पर रोक लगाओ” जैसे नारे लगा रहे थे।
सभा को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के बिहार राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि शहीद खुदीराम बोस ने कम उम्र में ही देश की जनता और ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा कि खुदीराम बोस का जीवन त्याग, साहस, देशभक्ति और शोषित-पीड़ित जनता के प्रति गहरी संवेदना का प्रतीक है। विजय कुमार ने कहा कि आज देश में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और जनतांत्रिक अधिकारों से जुड़े गंभीर प्रश्न मौजूद हैं। ऐसे समय में खुदीराम बोस के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर शोषण आधारित व्यवस्था के खिलाफ संगठित और जागरूक जनआंदोलन को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
एआईडीवाईओ की अखिल भारतीय कमेटी के सदस्य अरविंद कुमार ने कहा कि खुदीराम बोस की शहादत ने पूरे देश को गहराई से प्रभावित किया था। उन्होंने उनकी अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब और लोगों द्वारा उनकी चिता की राख अपने घर ले जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जनता के बीच उनके प्रति गहरे सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रमाण है।
कार्यक्रम में एआईडीएसओ के पूर्व नेता अमरनाथ आजाद, लालबाबू राय, बिपिन शाही, राज्य कार्यकारिणी सदस्य दीपमाला कुमारी, रूपा कुमारी, अभिषेक कुमार, सन्नी कुमार, कोमल कुमारी, करीना कुमारी, प्रिय रंजन कुमार, एआईडीवाईओ के जिला सचिव अनिल कुमार, जिला कमेटी सदस्य टुनटुन प्रजापति, श्यामदेव कुमार, सिन्धु कुमारी, अवधेश ठाकुर, दिनेश कुमार, मिंटू कुमार, पंकज कुमार, कृष्ण चंद्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा और कार्यकर्ता उपस्थित थे।