बिहार के कलाकार मध्य प्रदेश में करेंगे पांच नाटकों का मंचन
- Post By Admin on Sep 29 2026
पटना: कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने ‘प्रवीण स्मृति नाट्य उत्सव 2026’ के पोस्टर का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में रंगकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बिहार के कलाकारों का राज्य से बाहर जाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मध्य प्रदेश के सागर स्थित डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय में प्रवीण सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में 6 से 10 दिसंबर 2026 तक नाट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के दौरान पांच नाटकों का मंचन किया जाएगा। इनमें ‘गुंडा’, ‘कुच्ची का कानून’, ‘नागरदोला’, ‘गबरघिचोर’ और ‘वैजयंती’ शामिल हैं।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार के कलाकारों को बिहार से बाहर मंच मिलने से उनकी प्रतिभा को व्यापक स्तर पर पहचान मिलेगी। ऐसे आयोजनों से कलाकारों का अनुभव बढ़ेगा और बिहार की सांस्कृतिक विरासत एवं रंगमंच की समृद्ध परंपरा को देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पांचों नाटकों के निर्देशक विज्येंद्र कुमार टांक के साथ वरिष्ठ रंगकर्मी मनीष महिवाल, रोहित चन्द्रा, विनय चौहान, राहुल रंजन, कृष्णा कुमार और नन्दन डिसूजा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रवीण स्मृति नाट्य उत्सव के संयोजक डॉ. इन्द्रदीप चन्द्रवंशी ने बताया कि उत्सव में बिहार के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की रंगमंचीय प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता को दर्शकों के सामने रखेंगे।